Sonipat Laundry Operator Death : सोनीपत: गन्नौर शहर की रेहड़ा बस्ती में एक लांड्री संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 48 वर्षीय प्रकाश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत से ठीक पहले प्रकाश ने गन्नौर थाना पुलिस को फोन कर अपनी परेशानी के बारे में बताया था। पुलिस टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, प्रकाश पिछले करीब पांच वर्षों से रेहड़ा बस्ती में लांड्री की दुकान चला रहे थे। इसी काम से वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया है कि करीब दो महीने बाद उनकी बेटी की शादी भी होनी थी। परिवार का कहना है कि कुछ दिन पहले तक घर में सब सामान्य था, लेकिन हाल के दिनों में प्रकाश काफी तनाव में नजर आ रहे थे।

मृतक के बेटे साहिल ने पुलिस को दी जानकारी में आरोप लगाया कि दुकान के आसपास रहने वाली दो महिलाएं उसके पिता को लगातार फोन और मैसेज करके परेशान कर रही थीं। साहिल का दावा है कि दोनों महिलाएं उसके पिता को कथित तौर पर झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थीं। इसी वजह से प्रकाश मानसिक रूप से काफी परेशान थे।

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले प्रकाश ने खुद पुलिस को फोन किया और महिलाओं से जुड़ी अपनी परेशानी के बारे में बताया। उन्होंने कथित तौर पर पुलिस को पूरी बात बताई और इसके बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस टीम सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही प्रकाश की मौत हो गई।

मोबाइल में ऑडियो और मैसेज होने का दावा

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के मोबाइल फोन में दोनों महिलाओं से संबंधित कथित धमकी भरे ऑडियो, मैसेज और कॉल रिकॉर्ड मौजूद हैं।

परिजनों ने पुलिस से मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मोबाइल में मौजूद रिकॉर्ड से यह पता चल सकता है कि प्रकाश किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे और उनके साथ वास्तव में क्या बातचीत हुई थी।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। महिलाओं पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m