हरियाणा के सोनीपत में पुरानी रंजिश में हुई हत्या के महज 10 घंटे बाद ही पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में हत्या के आरोपी दो सगे भाइयों के पैर में गोली लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संजीव घनगस, सोनीपत। गांव भटगांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के महज 10 घंटे बाद ही पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। देर रात हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से ही फरार चल रहे दो सगे भाइयों मोहित और प्रिंस को क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने नेशनल हाईवे-352ए पर गांव जाजी के पास घेर लिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीधे फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।

घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

डीसीपी नरेंद्र सिंह कादियान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि भठगांव निवासी बिट्टू और सागर पर गांव के ही प्रिंस और मोहित ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तुरंत चार से पांच विशेष टीमों का गठन किया था। इसी बीच सीआईए-1 (CIA-1) प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव की टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपियों को जाजी गांव के आसपास देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर उन्हें सरेंडर करने को कहा, लेकिन आरोपियों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

खानपुर पीजीआई में भर्ती कराए गए आरोपी

बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस टीम ने भी नियंत्रित तरीके से गोलियां चलाईं, जो दोनों आरोपी भाइयों मोहित और प्रिंस के पैर में लगीं। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में काबू कर तुरंत इलाज के लिए खानपुर पीजीआई (PGI) में भर्ती कराया है। पुलिस ने मुठभेड स्थल से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूसों के खाली खोल बरामद किए हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद डीसीपी नरेंद्र सिंह कादियान सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांव भटगांव निवासी प्रवीण कई साल पहले मोहित और प्रिंस की बहन को भगाकर ले गया था और दोनों ने लव मैरिज कर ली थी।

पुरानी रंजिश में वारदात को दिया था अंजाम

बहन के प्रेम विवाह करने की इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से गहरी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए दोनों सगे भाइयों मोहित और प्रिंस ने योजनाबद्ध तरीके से गांव के ही बिट्टू पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस जानलेवा हमले में जहां बिट्टू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, वहीं उसके साथ मौजूद उसका साथी सागर भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के ठीक होने के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर आगे की कानूनी पूछताछ करेगी।