संजीव, सोनीपत। गांव तिहाड़ के पास सीआईए-1 की टीम और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ओर से सात राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान बदमाश की एक गोली पुलिसकर्मी की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उसकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया और इलाज के लिए खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

डीसीपी क्राइम जितेंद्र गहलावत ने बताया कि पुलिस को गांव तिहाड़ के पास एक संदिग्ध बदमाश के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सीआईए-1 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

दोनों ओर से सात राउंड फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने तीन राउंड फायर किए, जबकि पुलिस की ओर से चार राउंड गोली चलाई गई। इस दौरान आरोपी की एक गोली पुलिसकर्मी की छाती पर लगी। पुलिसकर्मी ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। गोली जैकेट में धंस गई, जिससे वह सुरक्षित रहा।

डीसीपी क्राइम के अनुसार, पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

आरोपी पर हरियाणा और दिल्ली में दर्ज हैं केस

पुलिस ने आरोपी की पहचान रजनीश के रूप में की है। वह सोनीपत जिले के गांव रोहट का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच के मुताबिक, उसके खिलाफ हरियाणा और दिल्ली में लूट, अपहरण, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

दो पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी के दौरान दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। मौके से आरोपी का मोबाइल फोन और हेलमेट भी मिला है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रजनीश गांव तिहाड़ के पास किस उद्देश्य से पहुंचा था। इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या वह किसी आपराधिक वारदात की तैयारी में था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m