संजीव घनगस, सोनीपत। सोनीपत पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मई महीने के दौरान साइबर सेल ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के 40 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और साइबर सेल की कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनीपत पुलिस की साइबर सेल ने मई माह में विभिन्न स्थानों से गुम हुए 40 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
साइबर टीम ने रखी तकनीकी निगरानी
पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी जोन) एवं साइबर कुशल पाल सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त साइबर राजदीप मोर के निर्देशन में साइबर सेल इंचार्ज उप निरीक्षक कमल सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए मोबाइल फोनों को ट्रैक कर बरामद किया।
बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त क्राइम राजपाल सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक और साइबर संसाधनों के बेहतर उपयोग से गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी लगातार की जा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सोनीपत पुलिस की प्राथमिकता है।

सभी फ़ोन CEIR पोर्टल पर गुमशुदा के तौर पर दर्ज थे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी मोबाइल फोन CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर गुमशुदा के रूप में दर्ज किए गए थे। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल फोन ट्रेस कर लिए। CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल ब्लॉक हो जाता है, जिससे उसके दुरुपयोग की संभावना काफी हद तक खत्म हो जाती है।
चेहरों पर दिखाई दी खुशी
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने सोनीपत पुलिस और साइबर सेल टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
सोनीपत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि फोन को जल्द ट्रेस कर सुरक्षित बरामद किया जा सके।

