Sonipat Retired DFO Murder : सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में बारिश के पानी के छींटे पड़ने को लेकर हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक रिटायर्ड जिला वन अधिकारी (DFO) की जान चली गई। आरोप है कि सड़क पर छींटे पड़ने से नाराज युवक ने रिटायर्ड अधिकारी के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक की पहचान भोगीपुर गांव निवासी 60 वर्षीय जयपाल राठी के रूप में हुई है। जयपाल राठी करीब दो साल पहले जिला वन अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह गन्नौर-पांची रोड पर अपना फार्म हाउस और नर्सरी चला रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं।
कार से छींटे पड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, जयपाल राठी रविवार शाम अपने गांव से कार लेकर गन्नौर की ओर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अगवानपुर रोड पर रवि नाम का युवक सड़क पर पैदल जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह पानी जमा था।
बताया जा रहा है कि जयपाल की कार गुजरने के दौरान पानी के छींटे रवि पर पड़ गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान रवि ने सड़क से पत्थर उठाया और जयपाल राठी के सिर पर वार कर दिया।
राहगीरों ने भाग रहे आरोपी को पकड़ा
हमले के बाद जयपाल राठी सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी और उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी रवि वहां से भागने लगा। इसी दौरान राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
बेटे की शिकायत पर केस दर्ज
गन्नौर थाना प्रभारी बीरसिंह के अनुसार, मृतक के बेटे मंजीत की शिकायत के आधार पर आरोपी रवि के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



