सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार को 60 वर्षीय रिटायर्ड ईएसआई जय सिंह ने अपने घर के कमरे में रोशनदान से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के लोग दवाई लेने बाहर गए हुए थे और दोपहर करीब 1 बजे लौटने पर शव लटका मिला। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें गांव के ही एक युवक पर 22 लाख रुपये हड़पने, पैसे वापस मांगने पर मारपीट करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

दवाई लेने गए थे परिजन, लौटने पर दिखा शव

शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे परिजन दवाई लेने के लिए बाहर गए थे। उस समय जय सिंह घर पर अकेले थे। दोपहर करीब 1 बजे जब परिजन वापस लौटे तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर तलाश करने पर जय सिंह दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान पर रस्सी के सहारे फंदे से लटके मिले।

सुसाइड नोट में 22 लाख रुपये और मारपीट का जिक्र

थाना बड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के पास से बरामद सुसाइड नोट में गांव के ही सत्ते (सत्तू) नामक युवक का जिक्र है। नोट के अनुसार, आरोपी ने प्लॉट के नाम पर जय सिंह से 22 लाख रुपये लिए थे, लेकिन न प्लॉट दिया और न ही रकम लौटाई। जांच अधिकारी नरेश के मुताबिक, सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि जब जय सिंह अपने पैसे मांगने आरोपी के घर गए तो उनके साथ मारपीट की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

दो साल पहले ईएसआई पद से हुए थे रिटायर

जय सिंह करीब दो वर्ष पहले पानीपत पुलिस से ईएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वे गांव में रहकर खेतीबाड़ी कर रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा गौरव मजदूरी करता है, जबकि छोटा बेटा नितिन दमकल विभाग में कार्यरत है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। थाना बड़ी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी की पहचान की जा रही है। मारपीट और धमकी के आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है। शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m