समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुजफ्फरनगर, संतकबीरनगर, बरेली और इटावा में अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा कई जगह विरोध के अलग-अलग तरीके अपनाए.
मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर, संतकबीरनगर, बरेली और इटावा में अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया. मुजफ्फरनगर में सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में ‘भाजपा के पाप का घड़ा’ फोड़ा, जबकि अन्य जिलों में सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई.
मुजफ्फरनगर में प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा समाजवादी पार्टी पर लगाए गए आरोपों का विरोध किया. कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारे लगाए.
मुजफ्फरनगर में प्रदर्शन
सपा नेता शमशेर मलिक ने कहा कि भाजपा के पाप का घड़ा भर चुका है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता वोट की चोट से इसे फोड़ने का काम करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में छात्र, नौजवान, व्यापारी, किसान और महिलाएं समेत समाज का हर वर्ग परेशान है.
उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के व्यापारीकरण जैसे मुद्दे उठाए. बिजली बिल, पेंशन और ईवीएम में कथित धांधली को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर सवाल खड़े किए.
शमशेर मलिक ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए समाज अखिलेश यादव के नेतृत्व में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा की सत्ता से विदाई के बाद ही उत्तर प्रदेश में खुशहाली आएगी.
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता असद पाशा, नूर हसन सलमानी, संदीप पाल, वसीम राणा, सन्नवर खान, नदीम मलिक, नावेद रंगरेज, सलमान त्यागी, इमरोज पायलट, आयुष चौधरी, अनुज गुर्जर और रविकांत त्यागी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
संतकबीरनगर में धरना
संतकबीरनगर में सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. इस दौरान सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई और कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए.
अब्दुल कलाम ने आरोप लगाया कि सरकार वोट चोरी के बल पर अलग-अलग जगहों पर सत्ता में आने का काम कर रही है. उन्होंने बंगाल, बिहार और दिल्ली का भी जिक्र किया.
बरेली में SIR विरोध
बरेली में SIR के विरोध में समाजवादी पार्टी के फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चौकी-चौराहे पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और भाजपा का झंडा जलाकर विरोध जताया.
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष ऐजाज अहमद ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक लगातार अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मृता यादव ने भी प्रदर्शन के दौरान सरकार पर निशाना साधा.
इटावा में भी प्रदर्शन
इटावा में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन किया. सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शास्त्री चौराहे पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए.
इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई. जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह वोट चोरी की सरकार है.

