“चलत बिमान कोलाहल होई। जय रघुबीर कहइ सबु कोई॥
सिंहासन अति उच्च मनोहर। श्री समेत प्रभु बैठे ता पर॥”

हर शुभ यात्रा के आरंभ में ऊर्जा और विश्वास का संचार करने वाली और धार्मिक आस्था की प्रतीक रामचरितमानस की यह चौपाई जनमानस के लिए प्रेरणा है। श्री राम कथा के अनुसार जब भगवान श्रीराम पुष्पक विमान पर आरूढ़ होकर अयोध्या लौटे थे तो पूरा वातावरण “जय रघुबीर” के उद्घोष से गूंज उठा था। इसी भाव और विश्वास के साथ मध्यप्रदेश आज एक सुगम सुरक्षित और आधुनिक परिवहन की नई यात्रा पर है। वास्तव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में “मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” का आरंभ उसी दिव्य यात्रा का आधुनिक स्वरूप जान पड़ता है। 

इस नए परिवहन सेवा में आमजन को सुविधाजनक, सुलभ और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने का अटल संकल्प निहित है। बसों के संचालन की यह योजना प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास का एक सशक्त माध्यम बनने जा रहा है। “मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” की सबसे बड़ी विशेषता इसका सुव्यवस्थित और दूरदर्शी ढांचा है। समूचे मध्यप्रदेश को सात प्रमुख क्षेत्रों में विभाजित कर परिवहन व्यवस्था को विकेन्द्रीकृत किया गया है यह प्रमुख क्षेत्र हैं इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और रीवा। इस नई योजना से न केवल राज्य की  प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी बल्कि प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप परिवहन सेवाएं विकसित होंगी।

“मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” के क्रियान्वयन में एक महती भूमिका निभा रहे हैं मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंध संचालक के द्वारा प्रस्तुत किया गया विस्तृत विवरण इस बात का प्रमाण है कि योजना कागजों से उतर कर जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

इंदौर क्षेत्र से इस योजना की शुरुआत का किया जाना अपने आप में एक रणनीतिक निर्णय है।मध्यप्रदेश का इंदौर पहले से ही स्मार्ट सिटी और सुव्यवस्थित शहरी परिवहन का उदाहरण रहा है। अब इंदौर से इंटरसिटी, सिटी और अंतर्राज्यीय इन तीनों श्रेणियों की बस सेवाओं का संचालन शुरू किया जाना प्रस्तावित है। यह नई शुरुआत पूरे प्रदेश के लिए एक मॉडल बनेगा। पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत 150 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे में जब आज विश्व जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से जूझ रहा है तब मध्यप्रदेश का यह प्रयास सराहनीय और अनुकरणीय है।

“मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” योजना के अंतर्गत कुल 1164 रास्तों पर 5206 बसों का संचालन अपने आप में इस योजना के व्यापक स्वरूप को दर्शाता है। सिर्फ़ इंदौर क्षेत्र में ही लाखों यात्रियों को प्रतिदिन सुविधा प्रदान करने की मंशा से 250 मार्गों पर 1688 बसों का संचालन किया जाएगा।

राज्य स्तरीय होल्डिंग कंपनी और सात सहायक क्षेत्रीय कंपनियों का गठन इस योजना का प्रशासनिक मजबूती का संकेत है। इन कंपनियों में आईटी, योजना, नीति, मानव संसाधन, अधोसंरचना और गुणवत्ता नियंत्रण जैसे विभागों की स्थापना से यह सुनिश्चित किया गया है कि परिवहन सेवा केवल चलती-फिरती बसों तक सीमित न रहे, बल्कि एक समग्र और आधुनिक प्रणाली के रूप में विकसित हो।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह पहल परिवहन सुधार, रोजगार सृजन, क्षेत्रीय संतुलन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का माध्यम भी बनने जा रही है। 1190 पदों की स्वीकृति और चरणबद्ध भर्ती प्रक्रिया से इस योजना में युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। एक उल्लेखनीय बात यह भी है कि इस योजना में निजी बस ऑपरेटरों के हितों का भी पर्याप्त ख़याल रखा गया है। मोटरयान अधिनियम 1988 के आधार पर संतुलन के साथ यह सुनिश्चित किया गया है कि इस योजना से वर्तमान निजी बसों के परमिट प्रभावित न हों।

एक प्रतीक में बांधते हुए इस पूरी योजना के लिए कहा जा सकता है कि मध्यप्रदेश आज विकास के “पुष्पक विमान” पर सवार हो चुका है और इस विमान के आगे बढ़ने के साथ पूरा प्रदेश “जय रघुबीर” के नारों से गूंज रहा है।

“मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” योजना को एक सरकारी पहल के अलावा जनभागीदारी के अभियान के रूप में देखे जाने की आवश्यकता है। क्योंकि जब आमजन इस सुविधा का उपयोग करेंगे, इसे अपनाएंगे और इसकी सराहना करेंगे तभी यह योजना अपने पूर्ण उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और प्रबंध संचालक मनीष सिंह की कार्यकुशलता के समग्र प्रयास से मध्यप्रदेश विकास की एक नई दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह योजना सिर्फ यात्रा को सुगम बनाने के लिए नही है बल्कि प्रदेश के विकास को गति देने के लिए भी बनाई गई है। इस योजना को इस तरह भी समझी जा सकती है जैसे भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी से एक नए युग की शुरुआत थी और “मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” से  मध्यप्रदेश में एक नए विकास युग का सूत्रपात होने वाला है।

संदीप अखिल 

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

सलाहकार संपादक 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m