हेमंत शर्मा, इंदौर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष पर मध्यप्रदेश में 23 जून से 6 जुलाई तक विशेष पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में श्रद्धांजलि सभाएं, विचार गोष्ठियां और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे। बीजेपी प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला और प्रदेश के कई समसामयिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
कांग्रेस के आरोपों का भी जवाब दिया
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था और उनका बलिदान देश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। पखवाड़े के दौरान श्रद्धांजलि सभाएं, विचार गोष्ठियां और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने वाले आयोजन किए जाएंगे। यह कार्यक्रम भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों, मंडलों और बूथ स्तर तक आयोजित होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान गौरव रणदिवे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके परिजनों की जमीन को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का भी जवाब दिया।
सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और उनके परिजनों पर जमीन, अवैध उत्खनन और अन्य मामलों को लेकर सवाल उठाए। रणदिवे ने कहा कि मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने परिवार से जुड़े मामलों पर भी जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने जीतू पटवारी पर केवल सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी करने का आरोप लगाया।उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान कार विस्फोट की झांकी प्रदर्शित किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
झांकी में किस प्रकार की विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य स्वीकार नहीं किए जाएंगे और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि झांकी में किस प्रकार की विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। इंदौर के कर्बला मैदान में मेला लगाने की अनुमति को लेकर चल रहे विवाद पर भी गौरव रणदिवे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि नगर निगम की है और यह अधिकार नगर निगम का है कि वह अपनी जमीन पर किसे मेला लगाने की अनुमति दे और किसे नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

