प्रदीप मालवीय, उज्जैन। श्रावण माह में निकलने वाली भगवान महाकाल की आगामी सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़, मुख्य पालकी की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को देखते परेड ग्राउंड में पुलिस द्वारा रस्सा पार्टी का व्यावहारिक अभ्यास किया गया। अभ्यास का उद्देश्य सवारी के दौरान मुख्य पालकी को चारों ओर से सुरक्षित घेरे में रखते हुए भीड़ को नियंत्रित करना तथा रस्सा घेरे में अवांछित व्यक्तियों के प्रवेश को प्रभावी ढंग से रोकना रहा।

पुलिस बल की कार्यक्षमता का अभ्यास

अभ्यास अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आलोक शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें रस्सा पार्टी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान वास्तविक सवारी के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों के अनुरूप लाइव सिचुएशन निर्मित कर पुलिस बल की कार्यक्षमता, आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास कराया गया।

पालकी को सुरक्षित आगे बढ़ाया जाए

रिहर्सल के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ के रूप में तैनात किया गया, जिनके द्वारा मुख्य रस्सा घेरे के भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया गया। वहीं वर्दीधारी पुलिसकर्मियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें रस्सा घेरे में प्रवेश करने से रोकते हुए मुख्य पालकी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने का अभ्यास किया गया। इस दौरान भीड़ के दबाव, अचानक आगे बढ़ने वाले व्यक्तियों, रस्सा घेरे में अनधिकृत प्रवेश तथा पालकी के आसपास अत्यधिक भीड़ की स्थिति में किस प्रकार बल का संयोजन करते हुए पालकी को सुरक्षित आगे बढ़ाया जाए, इसका भी व्यावहारिक अभ्यास किया गया।

बहुस्तरीय लेयरिंग की व्यवस्था

मुख्य रस्सा पार्टी को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाने के लिए उसके चारों ओर बहुस्तरीय लेयरिंग की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया। मुख्य रस्सा पार्टी के अतिरिक्त बाहरी घेरे में भी पुलिस बल लगाया गया, ताकि किसी भी व्यक्ति को मुख्य सुरक्षा घेरे तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके। साथ ही “वॉलंटियर्स” का भी मुख्य रस्सा पार्टी के आसपास की बाहरी लेयरिंग में सहयोग लिया गया।

आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रतिक्रिया देने का अभ्यास

रिहर्सल के दौरान मुख्य रस्सा पार्टी के आगे क्लीयरेंस पार्टी की भूमिका का भी अभ्यास किया गया। पालकी के आगे, पीछे तथा दोनों ओर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके निर्धारित दायित्वों के अनुरूप चलने, भीड़ को नियंत्रित करने, मार्ग को सुरक्षित एवं क्लियर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया गया।

नरेन्द्र परिहार, महाकाल सवारी, रस्सा पार्टी प्रभारी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m