केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में झज्जर में 20 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा। इसमें जनसंवाद, पौधारोपण और रोजगार मेलों का आयोजन होगा।
संजीत कबलाना, झज्जर। केंद्र एवं हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, झज्जर जिले में 20 जून तक ‘विशेष जनसंपर्क, जनकल्याण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जन-जन तक सरकारी उपलब्धियों और लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। डीसी वर्षा खांगवाल ने प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनसंवाद, किसान सम्मेलनों और स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है, ताकि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को जमीनी स्तर पर प्राप्त किया जा सके।

सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए शिविर
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि 16 जून से 18 जून तक जिला और उपमंडल मुख्यालयों पर विशेष जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्यघर और प्रधानमंत्री स्वनिधि जैसी प्रमुख योजनाओं के पंजीकरण और सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों के साथ ही सरकारी उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास कार्यों का प्रदर्शन होगा। इसके अलावा, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों का लक्ष्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है, ताकि आम नागरिक सरकारी सुविधाओं का सीधा लाभ उठा सकें।
स्वच्छता अभियान और कृषि जागरूकता कार्यक्रम
पर्यावरण संरक्षण के लिए 13 जून को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही, 20 जून तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नालों, सार्वजनिक स्थलों और बाजारों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कृषि एवं बागवानी विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे, जिनमें किसानों को प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण की आधुनिक तकनीकें सिखाई जाएंगी। 16 से 20 जून तक रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। डीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और आमजन से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

