Odisha Desk, भुवनेश्वर: देश के ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को भुवनेश्वर न्यू रेलवे स्टेशन से गुजरात के एकता नगर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) के लिए एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विशेष ट्रेन में ओडिशा के 19 नक्सल-मुक्त जिलों के लगभग 1,000 प्रतिनिधि सवार हैं, जो 31 अक्टूबर को गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में भाग लेंगे। ये प्रतिनिधि राष्ट्रीय मंच पर ओडिशा की शांति, सुरक्षा और विकास का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। सीएम माझी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ नेतृत्व से 550 से अधिक देशी रियासतों का विलय कराकर एकीकृत भारत का निर्माण किया। साल 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से सरदार पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में ओडिशा और देश नक्सल-मुक्त होकर विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पूर्व नक्सल प्रभावित 10 जिलों में ‘ग्रामोदय प्लस’ योजना के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की। केंद्र सरकार ने मयूरभंज जिले के बादामपहाड़ से पुरी के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है। नवंबर के पहले सप्ताह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
यह ट्रेन राज्य के 6 प्रमुख जिलों
पुरी, खुर्दा, कटक, जाजपुर, क्योंझर और मयूरभंज के बीच रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

