सतीश दुबे, डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र में रफ्तार का हैवान दो अलग-अलग परिवारों के लिए काल बनकर आया। यहाँ दो भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और जमकर हंगामा किया।
लोडिंग वाहन ने बाइक को रौंदा, दो की मौत
पहली हृदयविदारक घटना पिछोर रोड पर कटारे बाबा मढ़ी के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात लोडिंग वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार सुभाष रजक और रामप्रकाश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर सवार तीसरे व्यक्ति मनीराम रजक (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
शव सड़क पर रख किया हंगामा
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पिछोर रोड पर शवों को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर जमकर हंगामा देखने को मिला, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दंपति को मारी टक्कर, पत्नी की मौत
दूसरा हादसा नेशनल हाईवे 44 (NH-44) पर सिमरिया टेकरी के पास हुआ। शिवपुरी के रहने वाले सुनील परिहार अपनी पत्नी सावित्री का इलाज कराने ग्वालियर गए थे। जब वे ग्वालियर से इलाज कराकर बाइक से वापस अपने घर शिवपुरी लौट रहे थे, तभी सिमरिया टेकरी के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पत्नी सावित्री परिहार की मौके पर ही मौत हो गई। पति सुनील परिहार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों ही घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पिछोर रोड पर हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने और जाम खुलवाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों हादसों के जिम्मेदार अज्ञात वाहनों की तलाश शुरू कर दी है।

