रांची। सदर थाना क्षेत्र के शांति नगर के पास बुधवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बंद दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा दुकान के अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद चालक समेत तीन लोग वाहन में फंस गए।

दुकान में घुसा ट्रक, अंदर फंसे 3 लोग

घटना बुधवार रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और दुकान के अंदर फंस जाने के कारण रेस्क्यू में सफलता नहीं मिली।

क्रेन की मदद से निकाले गए तीनों

सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने भी काफी प्रयास किया, लेकिन ट्रक को बिना हटाए घायलों को बाहर निकालना संभव नहीं था।

इसके बाद पुलिस ने क्रेन मंगाई। क्रेन की मदद से ट्रक को दुकान से बाहर खींचा गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक समेत तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

चालक को गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती

रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोट आने की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी ने दी घटना की जानकारी

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे अनियंत्रित मिनी ट्रक बंद दुकान में जा घुसा था। वाहन में चालक समेत तीन लोग फंसे हुए थे। पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से सभी को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।