गुरुग्राम। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सेक्टर-75 में सड़क किनारे खड़े दो युवकों को बेकाबू बलेनो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार तीनों युवक घायलों को तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
गुरुग्राम के सेक्टर-75 इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू बलेनो कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोपी मौके से हुए फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एक ग्राफिक डिजाइनर अपने दोस्त के साथ सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बलेनो कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि दुर्घटना के बाद कार में सवार तीनों युवक घायल युवकों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया।
दोनों की हालत है बेहद गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बलेनो कार और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

