लवकुश बैरागी, आगर मालवा। जिले में उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया है। आमला गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद दर्जनभर गौवंश को टक्कर मार दी। हादसे में अब तक 5 गौवंश की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि करीब आधा दर्जन गोवंश घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
घटना नेशनल हाईवे पर आमला गांव के पास
घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर आमला गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि सड़क पर दर्जनभर गौवंश मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में पांच गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन गोवंश घायल हो गए।
वाहनों की लंबी कतारें लग गईं
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलने पर एसडीपीओ मोतीलाल कुशवाहा और कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल हाईवे पर आवागमन सामान्य हो गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

