सत्यपाल सिंह राजपूत, रायपुर। हाल ही में संपन्न कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव के नायाब प्रदर्शन के बाद मीडिया से रू-ब-रू होते हुए खेल मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास का खाका पेश करते हुए बताया कि तीरंदाजी में प्रदेश को अग्रणी बनाने के लक्ष्य को लेकर काम किया जा रहा है। इसके अलावा जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : WRS कॉलोनी के तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश: इलाके में फैली सनसनी, हत्या, हादसा या आत्महत्या? सभी एंगल से जांच में जुटी पुलिस

खेल मंत्री अरुण साव ने खेल सचिव यशवंत कुमार की मौजूदगी में प्रदेश में खेल अधोसंरचनाओं के विकास की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य को तीरंदाजी में देश में अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है. खेल में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से सेक्टर-3 नवा रायपुर अटल नगर में 67 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल आर्चरी एकेडमी की स्थापना की जा रही है. इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण को 13.47 एकड़ भूमि का निःशुल्क आबंटन किया गया है।

उन्होंने बताया कि सम्मिलित अधोसंरचनात्मक विकास के लिए एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी एवं डीएसवाईडब्ल्यू के मध्य अकादमी निर्माण के लिए त्रिपक्षीय समझौता किया गया है।

मंत्री ने बताया कि इसी तरह जशपुर जिले में भी लगभग 18 करोड़ लागत की आर्चरी अकादमी की स्थापना की जा रही है, जिसका निर्माण कार्य जारी है. इसके अलावा नवा रायपुर अटल नगर सेक्टर-28 में स्पोट्स कॉम्पलेक्स में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण कार्य दो चरणों में किया जा रहा है। फेज-1 में 114.05 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान एव स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका निर्माण कार्य प्रगतिरत है. वहीं फेज –2 के लिए 94.69 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

उन्होंने बताया कि जशपुर एवं रायगढ़ जिले में वृहद इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की स्वीकृति जारी की गई है। कुनकुरी जशपुर में इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए 64 करोड़ रुपए और रायगढ़ में इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए 92 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है, जो प्रक्रियाधीन है।

बस्तर ओलम्पिक का जिक्र करते हुए खेल मंत्री अरुण साव ने बताया कि वर्ष 2024 से बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। बस्तर ओलम्पिक के 2 संस्करण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। इन प्रतियोगिताओं से प्रतिभावान खिलाड़ियों का चिन्हित किया गया है। वर्ष 2024 में 1.65 लाख पंजीयन एवं वर्ष 2025 में 3.91 लाख पंजीयन प्राप्त हुए। 11 खेल विधाओं में प्रतिभागिता का आयोजन किया गया. विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले बस्तर ओलंपिक 2024 में 13 खिलाड़ियों और बस्तर ओलंपिक 2025 में 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चिन्हित किया गया है।

सरगुजा ओलंपिक के संबंध में उन्होंने बताया कि प्रथम संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ। इन प्रतियोगिताओं से प्रतिभावान खिलाड़ियों का चिन्हित किया गया है। सरगुजा ओलंपिक में वर्ष 2026 में 3.49 लाख पंजीयन प्राप्त हुए। सरगुजा ओलंपिक में 12 खेल विधाओं को सम्मिलित किया गया। विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चिन्हित किया गया।

मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के द्वारा खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स, 2026 के प्रथम संस्करण की मेजबानी छत्तीसगढ़ को प्राप्त हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य के प्रमुख शहरों रायपुर, बस्तर एवं सरगुजा में खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स का आयोजन 25 मार्च से 03 अप्रैल 2026 तक सम्यक रूप से आयोजित किए गए। खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में 7 प्रतिस्पर्धा खेल, 4 डेमो खेल में लगभग 3000 प्रतिभागी रहे, इस आयोजन में छत्तीसगढ़ को 3 स्वर्ण, 10 रजत एवं 6 कास्य समेत कुल 19 पदक प्राप्त हुए।

राज्य द्वारा छत्तीसगढ़ के पदक विजेला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्वर्ण पदक के लिए 2 लाख, रजत पदक के लिए 1.5 लाख एवं कांस्य पदक के लिए 1 लाख की घोषणा की गई है.

अरुण साव ने बताया कि प्रदेश में खेलों का वातावरण निर्मित करने, खेल अधोसंरचना को विकसित करने, महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किए जाने, प्रतिभाओं के पहचान के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन प्रावधानित किया गया है, जिसमें 100 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन अंतर्गत विभिन्न घटको जैसे एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, फीडर सेंटर, एथलीट वेल्फेयर, उच्च गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण जैसे विभिन्न पहलूओं पर कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन किए जाने की योजना है।

राज्य खेल अलंकरण समारोह का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2024 में पूर्व से लंबित 2019-20, 2020-21, 2021-22 एवं 2022-23 के राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन सरकार द्वारा किया गया, जिसमें 4 वर्षों के कुल 1143 खिलाड़ी खेल अलंकरण पुरस्कार एवं नगद राशि पुरस्कार एवं खेलवृत्ति पाकर लाभांन्वित हुए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m