Sports News Update : छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल Lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर. देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने दर्ज की जीत और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर. पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट.

IPL में आज SRH vs DC
आईपीएल 2026 का 31वां मुकाबला मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा. मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. दोनों के पास तीन-तीन जीत के बाद 6-6 अंक हैं, लेकिन दोनों की बल्लेबाजी में बड़ा अंतर है. हैदराबाद की टीम सीजन में सबसे ज्यादा 1153 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी यूनिट रही है, वहीं दिल्ली सिर्फ 832 रन के साथ इस मामले में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है.
मुंबई की गुजरात पर 99 रन से जीत
आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने शानदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को 99 रन से करारी शिकस्त दी. लगातार चार हार के बाद मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा के नाबाद शतक की बदौलत 199 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम महज 100 रन पर सिमट गई. इस जीत के साथ मुंबई ने टूर्नामेंट में अपनी लय फिर से हासिल कर ली है. पढ़ें पूरी खबर :
बायर्न म्यूनिख ने जीता बुंदेसलिगा का खिताब
म्यूनिख जर्मनी के फुटबॉल क्लब बायर्न म्यूनिख ने 35वीं बार जर्मन लीग बुंदेसलिगा का खिताब जीत लिया है. घरेलू एलियांज एरिना पर बायर्न म्यूनिख ने स्टटगार्ट को 4-2 से हराया. दूसरे स्थान पर मौजूद बोरुसिया डॉर्टमुंड की हार के बाद बायर्न को चैम्पियन बनने के लिए सिर्फ एक अंक की दरकार थी. बायर्न के लिए राफेल गुरेइरो ने 31वें, निकोलस जैक्सन ने 33वें, अल्फोंसो डेविस ने 37वें और हैरी केन ने 52वें मिनट में गोल किया. पिछले 14 सीजन में बायर्न का यह 13वां खिताब है. इस जीत के साथ बायर्न की ‘ट्रेबल’ (एक सीजन में तीन खिताब जीतने की उम्मीदें बरकरार हैं, क्योंकि उन्हें इसी महीने जर्मन – कप और चैम्पियंस लीग के सेमीफाइनल खेलने हैं.
दो टी20 टीम उतारने की तैयारी में बीसीसीआई
आईपीएल से लगातार उभरती हुई प्रतिभाओं को देखते हुए बीसीसीआई अब दो भारतीय टी20 टीम उतारने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड इसके लिए 30-35 खिलाड़ियों का एक मजबूत पूल तैयार करने की योजना बना रहा है, जिससे एक साथ दो टी20 टीमें उतारी जा सकें. इस साल भारत के सामने व्यस्त शेड्यूल है. एशियन गेम्स और वेस्ट इंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज एक ही समय पर हो सकती है. ऐसे में चयनकर्ताओं को दो अलग-अलग टीमों की जरूरत पड़ेगी. बीसीसीआई के एक अधिकारी के अनुसार, अब से ही ऐसे खिलाड़ियों का समूह तैयार किया जाएगा, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तुरंत इंटरनेशनल क्रिकेट में उतारा जा सके.
लियोन ने किया उलटफेर, पीएसजी को हराया
ब्राजील के फॉरवर्ड एंड्रिक ने एक गोल किया और एक गोल करने में मदद की, जिससे लियोन ने शीर्ष पर काबिज पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को 2-1 से हराकर फ्रांसीसी फुटबॉल प्रतियोगिता लीग 1 में तीसरा स्थान हासिल करके चैंपियंस लीग के लिए क्वालीफाई करने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया.
पीएसजी की इस सत्र में लीग में यह पांचवीं हार है, जिससे दूसरे स्थान पर काबिज लेंस की खिताब जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं. पीएसजी अब लेंस से केवल एक अंक आगे है. पीएसजी ने हालांकि उससे एक मैच कम खेला है. पीएसजी के 28 मैच में 63 जबकि लेंस के 29 मैच में 62 अंक हैं. लियोन के 30 मैच में 54 अंक हैं.
असम रणजी टीम के मुख्य कोच बने पोवार मुंबई. मुंबई और बड़ौदा के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर किरण पोवार को 2026-27 के घरेलू सत्र के लिए असम की पुरुष टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है. बाएं हाथ के 50 साल के पूर्व खिलाड़ी किरण मुंबई, बड़ौदा और असम के लिए खेले हैं. वह भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार के बड़े भाई हैं. पिछले सत्र में किरण मुंबई की अंडर-23 टीम के प्रभारी थे और यह सीनियर टीम के साथ उनका पहला कार्यकाल होगा, जिसमें वह प्रभारी होंगे.
पीएसए चैलेंजर का सूरजचंद ने जीता खिताब
भारत के सूरज कुमार चंद ने दक्षिण कोरिया के जियोंगमिन रियू को सीधे गेम में हराकर एचसीएल स्क्वाश पीएसए चैलेंजर टूर खिताब जीत लिया है. दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने आठवीं वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वी को 11-5, 11-9, 11-3 से हराया . मिस्र की सातवीं वरीयता प्राप्त रोकैया ओथमैन ने मलेशिया की दूसरी वरीयता प्राप्त हरलीन तान को 12-10, 11-7, 9-11, 11-7 से हराकर महिला खिताब जीता.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

