Sports News Update : Sports News Update : छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल Lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर. देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने दर्ज की जीत और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर. पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट.

IPL में आज सबसे पिछड़ी टीमों की टक्कर

आईपीएल-19 का 22वां मुकाबला मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा. मैच चेन्नई के चेपक मैदान पर शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. सीधा प्रसारण जियो स्टार नेटवर्क पर होगा. यह मुकाबला उन दो टीमों के बीच है, जो सीजन में सबसे खराब फॉर्म से जूझ रही हैं. चेन्नई अंक तालिका में 9वें और कोलकाता 10वें नंबर पर है. चेन्नई ने शुरुआती तीन मैच में हार के बाद दिल्ली के खिलाफ पिछला मैच जीतकर वापसी के संकेत जरूर दिए, लेकिन कोलकाता को अभी एक भी जीत नसीब नहीं हुई है. उसने चार में से तीन मैच हारे हैं, जबकि उसके खाते में एकमात्र अंक बारिश से रद्द मैच का है. आपसी हेड-टू-हेड में चेन्नई 33 मैचों में 21-12 से आगे है.

भारत में 14 साल बाद हो सकती है F-1

भारत में रफ्तार के फैंस के लिए खुशखबरी है. खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सरकार 2027 में भारत में फॉर्मूला-1 रेस की वापसी के लिए पूरी ताकत लगा रही है. इसका पहला आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में किया जाएगा. हालांकि, फॉर्मूला वन के वैश्विक सूत्रों ने फिलहाल इसकी संभावना को कम बताया है. भारत में पहली एफ-1 रेस 2011 में हुई थी. इसके बाद 2012 और 2013 में भी सफल आयोजन हुए. लेकिन तत्कालीन यूपी सरकार द्वारा इसे खेल के बजाय मनोरंजन की श्रेणी में रखने से टैक्स का बोझ बढ़ गया था. इससे एफ-1 ने भारत छोड़ दिया. खेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन बाधाओं के कारण एफ-1 को भारत छोड़ना पड़ा था, उन्हें अब सुलझाया जा रहा है. मांडविया ने बताया कि तीन बड़ी कंपनियों ने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के संचालन और रेस आयोजित करने में दिलचस्पी दिखाई है. इस दिशा में सबसे बड़ा नाम अदाणी ग्रुप का है. दूसरी ओर, लिबर्टी मीडिया के स्वामित्व वाली फॉर्मूला-1 के सूत्रों का कहना है कि 2027 तक रेस की वापसी कठिन है. भारत हमारे लिए एक बड़ा बाजार है और वहां हमारे 7.9 करोड़ फैंस हैं, लेकिन फिलहाल हम किसी समझौते के करीब नहीं हैं.

IPL 2026 : हैदराबाद ने रोका राजस्थान का विजय रथ

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. लगातार चार मैच जीतकर आ रही राजस्थान को हैदराबाद ने 57 रन से हराकर उसका विजयी अभियान रोक दिया. कप्तान ईशान किशन की 91 रन की तूफानी पारी और डेब्यू मैच में साकिब हुसैन व प्रफुल्ल हिंगे की घातक गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही. पढ़ें पूरी खबर : SRH vs RR IPL 2026 : हैदराबाद ने रोका राजस्थान का विजय रथ, 57 रन से दी करारी शिकस्त

महिला टी-20 विश्वकप के लिए 82 करोड़ पुरस्कार राशि की घोषणा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को महिला टी-20 विश्वकप के लिए रिकॉर्ड 82 करोड़ रुपये के पुरस्कार कोष की घोषणा की. टूर्नामेंट इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से 5 जुलाई तक खेला जाएगा. पिछले संस्करण की तुलना में राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. विजेता टीम को 21.8 करोड़ (23.4 लाख डॉलर), उपविजेता को 10 करोड़ (11.7 लाख डॉलर) मिलेंगे. सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीमें प्रत्येक 6.29 करोड़ (6.75 लाख डॉलर) प्राप्त करेंगी. हर ग्रुप मैच जीतने पर टीम को 29 लाख (31,154 डॉलर) मिलेंगे. सभी 12 टीमों को न्यूनतम 2.06 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. कुल 33 मैच 7 स्थानों पर खेले जाएंगे, फाइनल लॉर्ड्स में होगा. पहला मैच इंग्लैंड-श्रीलंका के बीच होगा. भारतीय टीम अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी.

मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को 3-0 से रौंदा

मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को 3-0 से हराकर प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में खिताब की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा. इस जीत से मैनचेस्टर सिटी शीर्ष पर काबिज आर्सेनल से केवल छह अंक पीछे रह गया है. आर्सेनल के 32 मैच में 70 और मैनचेस्टर सिटी की 31 मैच में 64 अंक हैं. आर्सेनल शनिवार को बोर्नमाउथ से हार गया था जिसका फायदा मैनचेस्टर सिटी ने उठाया. स्टैमफोर्ड ब्रिज में खेले गए मैच में मैनचेस्टर सिटी की तरफ से निको ओरेली (51वें), मार्क गुएही (57वें) और जेरेमी डोकू (68वें मिनट) ने दूसरे हाफ में गोल किए. एक अन्य मैच में संडरलैंड ने टोटेनहम को 1-0 से हराया. यह टोटेनहम की इस सत्र में लीग में 16वीं हार है. वह पिछले 14 मैच में जीत हासिल नहीं कर पाया है. संडरलैंड की तरफ से नोर्डी मुकीले ने 61वें मिनट में मैच का निर्णायक गोल किया. क्रिस्टल पैलेस ने सेल्हर्स्ट पार्क में न्यूकासल को 2-1 से शिकस्त दी.

फोन चलाने पर RR के मैनेजर रोमी को नोटिस

बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक और सुरक्ष इकाई (एसीएसयू) ने राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को राजस्थान रॉयल्य के खिलाफ गुवाहाटी में हुए मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल का इस्तेमाल करने के लिए नोटिस जारी किया है. एसीएसयू ने डगआउट फोन चलाने के लिए भिंडर और राजस्थान रॉयल्य टीम प्रबंधन से 24 घंटे में जवाब मांगा है. भिंडर को डगआउट में बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ मोबाइल देखकर बात करते हुए देखा गया था.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H