नरेश शर्मा, रायगढ़। नकली शराब के संगठित नेटवर्क मामले में फरार चल रहे आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने या सूचना देने वाले व्यक्ति को यह इनाम दिया जाएगा, जबकि उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

narayana

नकली शराब के संगठित नेटवर्क के खुलासे के बाद से आरोपी विनय सिंह ठाकुर फरार है। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है और अब संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जिला पंजीयक और कार्यपालिक दंडाधिकारी को पत्र भेजा गया है।

8 जून को हुआ था नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़

गौरतलब है कि 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन तथा अन्य सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूछताछ में अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर अवैध कारोबार संचालित करने की बात स्वीकार की थी।

सुभाष पटेल गिरफ्तार, मुख्य आरोपी विनय सिंह फरार

विवेचना के दौरान 10 जून को पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था तथा उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। शराब का रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से उसकी बिक्री कराई जाती थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम देगची तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं।

आरोपी विनय सिंह के घर पर नोटिस चस्पा, लगातार दबिश जारी

मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर, निवासी विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़ 8 जून 2026 से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार है। 17 जून को पुलिस टीम जब विकास नगर स्थित उसके निवास पहुंची तो मकान बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई नहीं मिला और आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी तथा उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार मकान के दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।

संपत्ति कुर्की की तैयारी

एसएसपी के निर्देश पर आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद संपत्ति कुर्की की कार्रवाई के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी एकत्रित करने के लिए थाना प्रभारी कोतरारोड़, निरीक्षक शील आदित्य द्वारा कार्यपालिक दंडाधिकारी, जिला रायगढ़ तथा जिला पंजीयक, रायगढ़ को पत्र प्रेषित किया गया है। आरोपी की संपत्तियों का ब्यौरा प्राप्त होने के उपरांत उसकी संपत्ति कुर्क कराने के लिए न्यायालय के समक्ष आवश्यक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया जाएगा।

आरोपी की जानकारी देने के लिए इस नंबर पर कर सकते हैं संपर्क

आरोपी के संबंध में सूचना देने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर 947919200, 9479193201, 9479193202 और पुलिस नियंत्रण कक्ष का मोबाइल नंबर 9479193299 या थाना प्रभारी कोतरारोड़ के मोबाइल नंबर 9479193211 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H