कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। चरित्र पर संदेह के चलते सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने मौत को छुपाने के लिए इसे हार्ट अटैक का नाम दिया और चुपचाप अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक गांव ले जा रहा था, तभी मृतका की 14 वर्षीय बेटी ने अपनी मां की मौत का खौफनाक राज खोल दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतिम संस्कार रुकवाया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मुरार के खुरैरी स्थित घर में दिया वारदात को अंजाम
दरअसल घटना ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खुरैरी इलाके की है। आरोपी पति ज्ञान सिंह जाटव जो कि एसएसबी (SSB) में जवान के पद पर तैनात है, उसका अपनी पत्नी रिंकी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी रंजिश के चलते आरोपी पति ने घर पर ही अपनी पत्नी रिंकी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर में सनसनी फैला दी और किसी को भनक तक नहीं लगने दी।
हार्ट अटैक की झूठी सूचना देकर भिंड भाग रहा था आरोपी
हत्या को एक हादसे या प्राकृतिक मौत का रूप देने के लिए शातिर पति ने मृतका के मायके पक्ष और परिजनों को फोन कर झूठी सूचना दी कि रिंकी की मौत हार्ट अटैक (दिल का दौरा पड़ने) से हुई है। इसके बाद, किसी को शक न हो इसलिए आरोपी पति आनन-फानन में पत्नी के शव को लेकर अपने पैतृक गांव अटेर (जिला भिंड) के लिए रवाना हो गया, ताकि वहां उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।
14 वर्षीय बेटी के बयानों ने खोला राज, पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार
जब शव को भिंड के अटेर ले जाया जा रहा था, तब मायके पक्ष के लोगों को उसके शरीर और गले के निशानों को देखकर कुछ संदेह हुआ। इसी दौरान मृतका की 14 साल की नाबालिग बेटी ने हिम्मत जुटाई और परिवार के सामने सच बयां कर दिया। बेटी ने बताया कि उसकी मां की किसी बीमारी से नहीं, बल्कि पिता ज्ञान सिंह ने ही गला घोंटकर हत्या की है। बेटी की बात सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को बीच में ही रुकवा दिया।
डायल 112 गाड़ी से बदमाश के घर शराब पीने पहुंचे ASI और हेड कांस्टेबलः DCP ने दोनों को किया लाइन अटैच,
मुरार थाना पुलिस ने दर्ज की FIR, आज होगा पोस्टमार्टम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। मुरार थाना पुलिस ने आरोपी पति ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या (FIR) दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आज ग्वालियर में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के अन्य कारणों और पुख्ता सबूत सामने आ जाएंगे। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
रिटायर्ड IAS हत्याकांड में बड़ा एक्शन: भोपाल में आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, आगरा से गिरफ्तारी
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

