हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। तिलक नगर थाने में पदस्थ एक ASI और हेड कांस्टेबल शासकीय वाहन (डायल 112) का दुरुपयोग कर सीधे एक बदमाश के घर शराब पार्टी में पहुँच गए। रहवासियों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आला अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। पूरे मामले की विस्तृत जाँच एसीपी खजराना को सौंपी गई है।
डायल 112 गाड़ी से पहुंचे थे बदमाश के घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलक नगर थाने में पदस्थ ASI श्रीराम परमार और हेड कांस्टेबल विनोद सक्सेना अपनी ड्यूटी के दौरान नियमों को ताक पर रखकर अजीबोगरीब हरकतों में लिप्त पाए गए। ये दोनों पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी छोड़कर ग्राम बिहाड़िया स्थित एक स्थानीय बदमाश के घर जा धमके और वहाँ बैठकर उसके साथ शराब पीने लगे। हैरानी की बात यह है कि वे इस निजी और गैर-कानूनी काम के लिए अपनी सामान्य गाड़ी की बजाय आपातकालीन सेवा वाले शासकीय वाहन ‘डायल 112’ का इस्तेमाल करके पहुँचे थे।
3 नवंबर महाकाल भस्म आरती: मस्तक पर ॐ और शेषनाग अर्पित कर अलौकिक श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, रहवासियों ने की शिकायत
इस पूरे घटनाक्रम की पोल तब खुली जब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आए। फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी किस तरह खाकी को दागदार करते हुए एक अपराधी के साथ अनधिकृत गतिविधियों में शामिल थे। स्थानीय रहवासियों ने जब इस गैर-जिम्मेदार हरकत को देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचाई।
MP में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ की एंट्री! जबलपुर समेत 21 जिलों में बारिश का अलर्ट
DCP ने लिया एक्शन, ACP को सौंपी गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP जोन-2 अमन सिंह राठौर ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया और दोनों पुलिसकर्मियों (ASI श्रीराम परमार और हेड कांस्टेबल विनोद सक्सेना) को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। इसके साथ ही, इस पूरी घटना में डायल 112 के पायलट (चालक) की भूमिका की भी बारीकी से जाँच की जा रही है कि उसने इस अवैध गतिविधि में उनका साथ क्यों दिया। पूरे प्रकरण की विस्तृत जाँच ACP खजराना आशीष पटेल को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जाँच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोनों दोषी कर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई (डिपार्टमेंटल इन्क्वायरी) की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

