अनिल सक्सेना, रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की उदयपुरा तहसील से इंसानियत और पवित्र रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस युवक को एक 16 वर्षीय नाबालिग पिछले 5 सालों से सगा भाई मानकर रक्षाबंधन पर राखी बांधती आ रही थी, उसी मुंहबोले भाई ने रक्षाबंधन से ठीक पहले अपने साथी के साथ मिलकर पीड़िता के साथ दरिंदगी की। पीड़िता ने अब रायसेन एसपी (SP) के पास पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है और उदयपुरा व बरेली पुलिस पर मामले को दबाने का गंभीर आरोप लगाया है।
झांसा देकर फार्महाउस ले गए आरोपी
पीड़िता द्वारा एसपी को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 15 अगस्त की है। उदयपुरा के वार्ड क्रमांक 06 निवासी नाबालिग को उसके मुंहबोले भाई गुफरान मंसूरी ने फोन कर धोखे से उदयपुरा रेस्टहाउस बुलाया। गुफरान ने उसे झांसा दिया कि कोई लड़की उससे मिलना चाहती है। 5 साल पुराने विश्वास के कारण नाबालिग वहाँ पहुँच गई।
वहां गुफरान का साथी शिवराज दांगी सफेद रंग की बोलेरो कार के साथ पहले से मौजूद था। दोनों आरोपी नाबालिग को सिलवानी रोड स्थित एक स्थानीय शराब ठेकेदार के ’28 एकड़’ फार्महाउस ले गए। आरोप है कि वहाँ नाबालिग के साथ मारपीट कर जबरन गलत काम किया गया। इस दौरान आरोपी शिवराज ने अपने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। पीड़िता ने जब अपने मुंहबोले भाई गुफरान से मदद मांगी, तो उसने बचाने की बजाय आरोपी का ही साथ दिया।
पुलिस पर मामला दबाने और गलत FIR दर्ज करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने उदयपुरा थाने पहुँची, तो पुलिसकर्मियों ने उसे बरेली थाने टाल दिया। बरेली थाने जाने पर भी पुलिस ने उसकी पूरी बात सुने बिना मनगढ़ंत रिपोर्ट दर्ज की। आवेदन के मुताबिक, पुलिस ने ’28 एकड़ फार्महाउस’ की जगह FIR में केवल ‘मकान’ और ‘खेत’ दर्शाया ताकि मामले की गंभीरता को कम किया जा सके। पीड़िता को अब तक FIR की प्रति भी नहीं दी गई है। इसके अलावा, आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने और कार से कुचलकर जान से मारने की धमकियाँ दे रहे हैं।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मामले में रायसेन के एडिशनल एसपी दीपक नायक ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी शिवराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पीड़िता ने अब कुछ नए तथ्यों को लेकर एसपी कार्यालय में आवेदन दिया है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

