पानीपत। पानीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किला थाना प्रभारी सुरेश कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कर्मचारी द्वारा दी गई मारपीट की शिकायत में समझौता करवाने और मामला खत्म करने की एवज में थाना प्रभारी ने रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके कारपेट फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी के साथ पैसों का विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में कर्मचारी ने उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने शिकायतकर्ता को हवालात में डालने की धमकी देते हुए मामले को रफा-दफा करने के लिए 10 हजार रुपए मांगे।
इसके बाद पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर एसीबी एसपी ममता सिंह के निर्देश पर टीम गठित की गई।
जाल बिछाकर पकड़ा रंगे हाथ
एसीबी इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि रंग लगे नोट शिकायतकर्ता को दिए गए थे। मंगलवार रात करीब 9 बजे शिकायतकर्ता ने थाना परिसर में रिश्वत की रकम दी, जिसके तुरंत बाद एसीबी टीम ने छापा मारकर एसआई सुरेश कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आरोपी थाना प्रभारी से पूछताछ की जा रही है।

