दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका में चोरों ने एक बड़े स्टेशनरी व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। नगर थाना क्षेत्र के सराय रोड निवासी प्रसिद्ध स्टेशनरी कारोबारी अशोक मोदी के घर से करीब 20 से 25 लाख रुपये के पुश्तैनी जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
कारोबारी गए थे कोलकाता, घर में मौजूद थे परिजन
जानकारी के मुताबिक, अशोक मोदी अपने छोटे बेटे के यहां कोलकाता गए हुए थे। उनका कमरा बंद था, जबकि घर में उनके बड़े बेटे और अन्य परिजन मौजूद थे। सभी परिवार के सदस्य आसपास के कमरों में सो रहे थे।
सुबह जब बड़ा बेटा उठा और पिता के कमरे को खोलने पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। पहले उन्हें लगा कि लॉक में कोई खराबी आ गई है। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजे को धक्का देकर खोला गया तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए।
कमरे में रखी तीन स्टील की अलमारियां टूटी हुई थीं और उनमें रखे जेवरात गायब थे। जांच के दौरान खिड़की का ग्रिल भी उखड़ा मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर खिड़की का ग्रिल उखाड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया।
20 से 25 लाख के जेवरात चोरी होने का अनुमान
घर की बहू के मुताबिक, अलमारियों में परिवार के पुश्तैनी जेवरात रखे हुए थे। फिलहाल चोरी हुए सामान की पूरी सूची और कीमत का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर करीब 20 से 25 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने का अनुमान है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दुमका सदर एसडीपीओ दिलीप खालको पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घर के सदस्यों से जानकारी जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित सुराग जुटा रही है।

