प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्री पंच निर्मोही अणि अखाड़े के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज की कार पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महामंडलेश्वर सुरक्षित हैं, लेकिन उनकी स्कॉर्पियो कार के आगे के कांच क्षतिग्रस्त हो गए।
READ MORE: MP में UCC पर सियासी बवाल: CM के बयान पर आरिफ मसूद बोले- लिव-इन रिलेशनशिप के लिए महाकाल की कृपा नहीं होगी
जानकारी के अनुसार, सदावल रोड स्थित आश्रम में रहने वाले महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज मंगलवार रात करीब 12:30 बजे देवास से लौटकर अपने आश्रम जा रहे थे । इसी दौरान हनुमानगढ़ी क्षेत्र के पास चार अज्ञात युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो (एमपी-13 जेडडी-8717) को रोकने का प्रयास किया । महामंडलेश्वर के अनुसार, जब वाहन नहीं रोका गया तो युवकों ने कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया । अचानक हुए पथराव में कार के आगे के कांच टूट गए । उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी।
READ MORE: मीनाक्षी नटराजन मामले में NSUI पर गिरी गाज: जीतू पटवारी के एक्शन से हड़कंप, 22 जिला अध्यक्षों को नोटिस
घटना के बाद महामंडलेश्वर सीधे महाकाल थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने हाल के दिनों में संत समाज से जुड़ी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है । आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके । पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

