अमित पाण्डेय, खैरागढ़। जिले में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोग दहशत में आ गए। तेज आंधी और तूफान ने जिले के जालबांधा इलाके में भारी अफरा-तफरी मचा दी। सबसे बड़ा असर वहां स्थित शराब दुकान पर देखने को मिला, जहां दुकान के ऊपर लगा विशाल टीन शेड तेज हवा के दबाव में उखड़कर दूर जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक मौसम बदला और कुछ ही मिनटों में तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि शराब दुकान के ऊपर लगा भारी लोहे और टीन का स्ट्रक्चर जोरदार आवाज के साथ हवा में उखड़ गया। पूरे घटनाक्रम को देख मौके पर मौजूद लोग सहम गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


गनीमत रही कि हादसे के वक्त दुकान परिसर और आसपास लोगों की आवाजाही होने के बावजूद कोई भी टीन शेड की चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय वहां ज्यादा भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आंधी के चलते पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया। कई जगह पेड़ों की डालियां टूटने और छोटे-मोटे नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और देर तक तेज तूफान की चर्चा होती रही। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल शराब दुकान परिसर को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है। वहीं जालबांधा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित बताई जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

