नसबंदी-टीकाकरण के साथ बनेगा डॉग शेल्टर होम, नगर निगम ने शुरू की तैयारी
रांची। शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। बड़गाई में 20.2 डिसमिल जमीन पर पशु आश्रय सह जन्म नियंत्रण केंद्र बनाया जाएगा। यहां आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था होगी।
\
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्र के निर्माण और संचालन के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने रांची नगर निगम को 2.1 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं।
आवारा कुत्तों की होगी नसबंदी और टीकाकरण
केंद्र शुरू होने के बाद आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही उनके इलाज और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। निगम का उद्देश्य आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने के साथ शहर में कुत्तों के हमले और अन्य समस्याओं को कम करना है।
शेष जमीन पर बनेगा डॉग शेल्टर होम
नगर आयुक्त ने कुल एक एकड़ 90 डिसमिल जमीन के शेष हिस्से में डॉग शेल्टर होम विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके लिए अधिकारियों को विस्तृत डिजाइन तैयार करने को कहा गया है।शेल्टर होम बनने के बाद आवारा कुत्तों के संरक्षण, देखभाल और स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

