राकेश चतुर्वेदी, अशोकनगर। शहर के तुलसी सरोवर क्षेत्र से सोमवार सुबह एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने हर संवेदनशील दिल को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ स्थित शासकीय रेस्ट हाउस और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के बीच झाड़ियों में एक अज्ञात नवजात शिशु का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। क्रूरता की पराकाष्ठा यह थी कि बेसहारा मासूम के शव को आवारा कुत्ते नोच रहे थे। इस दर्दनाक मंजर को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी।

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह हमेशा की तरह तुलसी सरोवर मार्ग से स्थानीय नागरिक और राहगीर गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर सीएमएचओ कार्यालय के पास झाड़ियों में जुटी आवारा कुत्तों की टोली पर पड़ी। कुत्ते किसी चीज को बेरहमी से नोच रहे थे। अनहोनी की आशंका होने पर जब कुछ लोग झाड़ियों के करीब पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वहां एक नवजात शिशु का क्षत-विक्षत शव पड़ा था, जिसे कुत्ते अपना निवाला बना रहे थे।
नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पत्थरों और लाठियों के सहारे कुत्तों को वहां से भगाया और मासूम के शव को और अधिक क्षत-विक्षत होने से बचाया। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा डायल-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और उपस्थित लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर मौके पर ही पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद शव को एम्बुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस

फिलहाल नवजात शिशु की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह पता चल पाया है कि उसे जन्म देने वाले कौन थे। देहात थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सभी निजी व सरकारी अस्पतालों, प्रसूति केंद्रों और डिलीवरी सेंटर्स का रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि हाल ही में जन्मे बच्चों की जानकारी जुटाई जा सके। इसके साथ ही, तुलसी सरोवर मार्ग और रेस्ट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि देर रात या सुबह के वक्त किसने नवजात को इस तरह लावारिस हालत में झाड़ियों में फेंका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही ढूंढ निकाला जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m