गुरुग्राम। साइबर सिटी के ग्वाल पहाड़ी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। बाइक सवार बदमाशों ने दो बहनों पर जानलेवा हमला किया। राह चलते छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली की रहने वाली है। दोनों बहनों ने पुलिस शिकायत में बताया कि, वह अपनी छोटी बहन के साथ बंधवाड़ी क्षेत्र में रहती है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। बुधवार शाम करीब 6 बजे जब दोनों बहनें ड्यूटी के बाद घर लौट रही थी। सौर ऊर्जा स्टेशन के पास बाइक सवार युवक ने उनके साथ बदतमीजी और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
विरोध करने पर साथियों को बुलाया
युवतियों ने जब आरोपी की हरकत का विरोध किया, तो वह भड़क गया और फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि बदमाशों ने आव देखा न ताव और दोनों बहनों पर लाठियों से हमला कर दिया। सरेराह हुई इस मारपीट से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें इस तरह पीटा गया जैसे उन्होंने कोई अपराध किया हो।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपी पक्ष का दावा है कि छेड़खानी किसी और ने की थी और उन पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, जांच अधिकारी का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

