सोनू वर्मा, नूंह। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नूंह ट्रैफिक पुलिस ने घाटा शमशाबाद टोल प्लाजा पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर मंगलवार शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक डीएसपी अक्षत नरवाल के नेतृत्व में सघन नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया चालक, बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालक, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के बिना चल रहे वाहन और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। इसके अलावा ओवरलोड डंपरों और अन्य भारी वाहनों की भी गहन जांच की गई।
पुलिस टीम ने दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं और जनहानि से बचा जा सके।

