चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर में पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और देवदूत जैसा चेहरा सामने आया है। बाइक से गिरकर अचानक बेहोश हुए एक छात्र को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने तत्काल सीपीआर (CPR) देकर उसकी जान बचा ली। समय रहते मिली इस मदद के बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय कार्य की सोशल मीडिया से लेकर मुख्यमंत्री तक जमकर तारीफ हो रही है।
चलती बाइक से अचानक गिरा था छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो छात्र मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठा छात्र अचानक गश खाकर चलती बाइक से नीचे गिर गया और अचेत (बेहोश) हो गया। घटना के वक्त राऊ और राजेंद्र नगर थाने की पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। गश्त पर तैनात राऊ थाने के प्रधान आरक्षक बलराम चौहान तथा राजेंद्र नगर थाने के आरक्षक बोर्डिया एवं विवेक प्रजापति की नजर तुरंत सड़क पर पड़े छात्र पर पड़ी।
वन विभाग के फ्रंटलाइन स्टाफ को बड़ी कानूनी राहतः अब गोली चलाने पर नहीं होगी सीधे FIR
बिना वक्त गंवाए दिया सीपीआर, ऑटो से पहुंचाया अस्पताल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीनों पुलिसकर्मी तुरंत छात्र के पास पहुँचे। उन्होंने सबसे पहले छात्र को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लिटाया और बिना एक पल भी गंवाए उसे सीपीआर देना शुरू किया। सीपीआर मिलते ही छात्र की सांसें लौटने लगीं और उसकी स्थिति में सुधार देखने को मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत ऑटो-रिक्शा की व्यवस्था की और छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
सोशल मीडिया से लेकर सीएम ने की तारीफ
पुलिसकर्मियों की इस मुस्तैदी और इंसानियत की चौतरफा सराहना की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग इन जवानों के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी पुलिसकर्मियों के इस त्वरित और जीवनरक्षक कार्य की सराहना की है।
अपराध से सियासत तक: 27 से ज्यादा गंभीर मामलों का आरोपी अनवर ‘डकैत’ चढ़ा पुलिस के हत्थे,
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


