सोनीपत के मुरथल स्थित आईआईटीएम कॉलेज के हॉस्टल में बी फार्मा फाइनल ईयर का छात्र कमरे में फंदे पर लटका मिला। हॉस्टल के गार्ड और सहयोगी ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी प्रणव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, परिजनों ने छात्र की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
हॉस्टल के कमरे में फंदे पर मिला छात्र
प्रणव कुमार मुरथल स्थित आईआईटीएम कॉलेज में बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। रविवार रात करीब 12 बजे परिजनों को उसके दोस्त के जरिए सूचना मिली कि प्रणव ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली है।
सूचना मिलने के बाद हॉस्टल के गार्ड और सहयोगी कमरे में पहुंचे। उन्होंने प्रणव को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिली डायरी, लिखा था- मैं तुझको प्यार करता था
पुलिस को मौके से एक डायरी भी मिली है। इसमें लिखा था, “मैं तुझको प्यार करता था। लेकिन तू मुझे नहीं मिली। मैं तुझे हमेशा याद रखूंगा। अगर मैं जी सका तो कोशिश करूंगा।”
डायरी में लिखी इन बातों को पुलिस ने जांच में शामिल किया है। हालांकि, छात्र की मौत की वजह को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
तीन साल पहले लिया था कॉलेज में दाखिला
प्रणव के मामा दलीप कुमार के मुताबिक, वह मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला था। करीब तीन साल पहले उसने मुरथल के आईआईटीएम कॉलेज में बी फार्मा कोर्स में दाखिला लिया था।
परिजनों के अनुसार, प्रणव पढ़ाई में होनहार था और कक्षा में अच्छे अंक हासिल करता था। परिवार के मुताबिक, उसका बी फार्मा कोर्स वर्ष 2027 में पूरा होना था।
मौत से कुछ घंटे पहले पिता से हुई थी बात
परिजनों ने बताया कि रविवार शाम प्रणव की अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने घरवालों को सब कुछ सामान्य बताया था। उसने किसी परेशानी या समस्या का जिक्र नहीं किया था।
इसके कुछ घंटे बाद ही परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन इसे हत्या का मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


