Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के 359 उच्च शिक्षण संस्थानों में गुरुवार को छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य भर के छात्रों से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान में भाग लेने और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की अपील की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को जीने और भावी नेतृत्व को आकार देने का एक सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने न केवल चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को, बल्कि सभी छात्र-छात्राओं और युवा प्रतिनिधियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे युवाओं का लोकतांत्रिक उत्सव करार दिया।

छात्रों को संबोधित करते हुए सीएम माझी ने लिखा- “मेरे प्यारे छात्र-छात्राओं और युवा साथियों! छात्र संघ चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने और भविष्य का नेतृत्व तैयार करने का एक प्रमुख माध्यम है। आज कैंपस में आपके द्वारा अपनाए गए मूल्य, अनुशासन और आदर्श आने वाले दिनों में हमारे राज्य और देश को एक नई दिशा प्रदान करेंगे।”

कैंपस में हालिया तनाव और छिटपुट विवादों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों से शांति बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा, “किसी भी प्रकार की हिंसा, अफवाहों या गुटबाजी के बहकावे में न आएं। इस चुनाव में शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुव्यवस्थित तरीके से भाग लें। सभी छात्रों, छात्र प्रतिनिधियों और उम्मीदवारों को मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं।”

बता दें कि कटक के रेवेन्यू कॉलेज (रेवेनशॉ यूनिवर्सिटी) और भुवनेश्वर के रामादेवी महिला विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थानों में चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से नजर बनाए हुए है ताकि मतदान की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H