इकरा फिरदौस जम्मू-कश्मीर की छात्रा जो 30 मई को लापता हो गई थीं और बाद में संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थीं. इकरा फिरदौस के साथ एकजुटता दिखाने के लिए जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में जम्मू-कश्मीर के छात्रों ने कैंपस में कैंडललाइट मार्च निकाला. फिरदौस की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) परिसर मंगलवार शाम छात्रों के आवाजों से गूंज उठा.
कैंपस में कैंडललाइट मार्च कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों, JNU छात्र संघ (JNUSU) के सदस्यों और कई छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
इकरा फिरदौस को लेकर कैंडललाइट मार्च कार्यक्रम में छात्रों ने निष्पक्ष और तेज़ी से जांच की ज़रूरत पर ज़ोर दिया और कहा कि पीड़ित परिवार को बिना किसी देरी के न्याय मिलना चाहिए. कार्यक्रम में शामिल लोगों ने जांच में हो रही देरी पर कड़ा विरोध जताया. फॉरेंसिक रिपोर्ट की तत्काल जारी करने, आधिकारिक जानकारी और नियमित अपडेट प्राप्त करने की भी मांग की.
कैंपस में कैंडललाइट मार्च कार्यक्रम के दौरान JNUSU काउंसलर हफ्सा बुखारी ने कहा कि इकरा के परिवार को अब तक न्याय की दिशा में कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही है. वहीं JNUSU संयुक्त सचिव ने कहा कि छात्र संघ इस दुख की घड़ी में इकरा के परिवार के साथ पूरी तरह खड़ा है. JNUSU ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जांच में और देरी हुई तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
जेएनयू विश्वविद्यालय प्रशासन से भी आग्रह किया गया कि वे मामले की जांच में पूर्ण सहयोग प्रदान करें और छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लें. जानकारी के अनुसार इकरा 30 मई की शाम घर से कुछ सामान खरीदने निकली थीं, बाद में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

