चंडीगढ़। चंडीगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है। Haryana सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सरकारी स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए खास “लर्निंग पैकेट” तैयार किया है। यह पैकेट बाल वाटिका कक्षा-3 से लेकर कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है।

खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे

इस लर्निंग पैकेट का उद्देश्य बच्चों को छुट्टियों में भी सहज, आनंददायक और अनुभव आधारित तरीके से सीखने के लिए प्रेरित करना है। शिक्षा विभाग का मानना है कि गर्मी की छुट्टियां सिर्फ स्कूल से ब्रेक नहीं, बल्कि बच्चों के लिए नई चीजें सीखने और परिवार के साथ समय बिताने का बेहतरीन अवसर होती हैं।

परिवार के साथ सीखने पर जोर

कार्यपुस्तिका में बच्चों की उम्र और कक्षा के अनुसार कई रोचक गतिविधियां शामिल की गई हैं। इसके जरिए बच्चों को दादा-दादी और नाना-नानी के अनुभवों से सीखने,रिश्तेदारों से मिलने,हरियाणा की गर्मियों को महसूस करने,मौसमी फलों का आनंद लेने ,आसपास के वातावरण को समझने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

‘पढ़ाई नहीं, अनुभव से सीख’ पर फोकस

Haryana Education Department का कहना है कि बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें अनुभव के जरिए सीखने का मौका दिया जाएगा ताकि पढ़ाई उनके लिए बोझ नहीं बल्कि आनंद का माध्यम बने।

आज स्कूलों में होगी PTM

गर्मी की छुट्टियां शुरू होने से पहले शनिवार को सभी सरकारी स्कूलों में पी.टी.एम. आयोजित की जाएगी। इस दौरान अभिभावकों को लर्निंग पैकेट दिए जाएंगे और NIPUN Haryana Parent App के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।

शिक्षक अभिभावकों को यह भी समझाएंगे कि घर पर बच्चों की गतिविधियों में किस तरह सहयोग करना है, ताकि छुट्टियों के दौरान भी बच्चों की सीखने की प्रक्रिया जारी रह सके।