Odisha Desk, ढेंकानाल: ओडिशा के ढेंकानाल जिले के भुवन क्षेत्र की होनहार खिलाड़ी सुभद्रा माझी ने अपनी कड़ी मेहनत, निष्ठा और क्रिकेट के प्रति समर्पण के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सुभद्रा का चयन ओडिशा की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में एक मुख्य तेज गेंदबाज के रूप में हुआ है। उनकी इस सफलता से भुवन क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सुभद्रा माझी ढेंकानाल जिले के भुवन ब्लॉक अंतर्गत बांउंसकण गांव के रहने वाले केशरी माझी और अलिभा माझी की बड़ी बेटी हैं। एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने के कारण सुभद्रा को शुरुआती दौर में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
संसाधनों और सुविधाओं की कमी के बावजूद, सुभद्रा ने क्रिकेट के अपने सपने को कभी टूटने नहीं दिया। अपनी लगन और नियमित अभ्यास के दम पर उन्होंने गेंदबाजी में अपनी धार को मजबूत किया और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
सुभद्रा के ओडिशा अंडर-19 टीम में जगह बनाने की खबर मिलते ही उनके गांव बांसकण और पूरे भुवन क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाना क्षेत्र के अन्य युवा प्रतिभाओं, विशेषकर लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा। सुभद्रा अब आगामी बीसीसीआई घरेलू अंडर-19 प्रतियोगिताओं में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान पर अपनी घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करेंगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



