कुंदन कुमार/पटना। राजधानी के श्री कृष्ण भवन में आज सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) द्वारा भव्य राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने आगामी चुनावों और बिहार में अपनी सांगठनिक पकड़ को मजबूत करने का बिगुल फूंक दिया है। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर उपस्थित रहे। उनके साथ राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर और राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार प्रभारी शशिभूषण प्रसाद ने भी मंच साझा किया।
संगठन विस्तार और युवाओं के लिए ‘यूपी मॉडल’ की मांग
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने बिहार की राजनीति में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार के युवाओं के लिए भी विशेष कल्याणकारी योजनाएं लागू होनी चाहिए। राजभर ने बिहार सरकार से पुरजोर मांग की कि यहां के युवाओं को स्वरोजगार के लिए बिना ब्याज के 10 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि पलायन रुके और युवा आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि दबे-कुचले और पिछड़ों की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना है।
शशिभूषण प्रसाद को मिली बड़ी जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रति निष्ठा दिखाने वाले विभिन्न जिलों के कर्मठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। बिहार प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव शशिभूषण प्रसाद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें बिहार में संगठन विस्तार की जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही पूरे प्रदेश में एक वृहद सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
इस सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सुभासपा अब उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकलकर बिहार में अपनी जमीन तलाशने के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने भी सांगठनिक मजबूती और बूथ स्तर तक कमेटियों के गठन पर बल दिया। इस आयोजन के बाद बिहार की क्षेत्रीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावनाएं तेज हो गई हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

