सुल्तानपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार (4 अक्टूबर 2026) सुबह करीब 8 बजे सेना की एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर पर हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एंबुलेंस चालक, एक सैन्यकर्मी और जवान के परिवार के दो सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं. हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है.

सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘जनपद सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिे निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करें.’

इसे भी पढ़ें : विरासत और विकास का संगमः भदोही के कालीन और हुनर को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, देंगे 1,340 करोड़ से अधिक की सौगात

जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस पंचकुला से एक जवान का शव लेकर देवरिया जा रही थी. इसी दौरान हलियापुर के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे के बाद जवान के शव को हलियापुर थाने में रखवाया गया है. टक्कर के बाद एंबुलेंस के ड्राइवर और एक सैन्यकर्मी का शव वाहन में फंस गया. सूचना पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. शवों को निकालने के लिए गैस कटर से एंबुलेंस को काटने का काम शुरू किया गया. दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा.

मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम

हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी में एंबुलेंस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद चलेगा. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना की जानकारी सेना और मृतकों के परिजनों को भी दी गई है. पुलिस एक्सप्रेस-वे पर हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.