Sultanpur Encounter: यूपी के सुल्तानपुर में व्यापारी से हुई करोड़ों की डकैती के मामले में हुए एनकाउंटर पर जमकर सियासत हो रही है. मंगेश यादव के मारे जाने के बाद सियासी पारा और हाई हो गया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एनकाउंटर में मारे गए मंगेश यादव के परिजनों से मुलाकात की है. अखिलेश ने मंगेश यादव के माता-पिता और उसकी बहन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है.
अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीर को X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “तथाकथित एनकाउंटर में जिस युवा मंगेश यादव का जीवन चला गया, उसके शोक-संतप्त परिवार का कहना है कि पुलिस मंगेश को 2 सितंबर को ले गयी थी और 5 सितंबर को उसका एनकाउंटर दिखाया गया. इस प्रकरण की गहन जाँच और सख़्त कार्रवाई ही क़ानून-व्यवस्था में जनता के खोये हुए विश्वास को वापस ला सकती है. भाजपा ने शासन-प्रशासन का नैतिक आधार खो दिया है.”
बता दें कि डकैती के आरोपी मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर अखिलेश यादव ने कहा था कि बीजेपी एनकाउंटर की झूठी कहानी बनाती है और फिर वह दुनिया को झूठी तस्वीर दिखाती है. तथाकथित बड़े भाजपाई नेताओं से ऐसे गैरकानूनी एनकाउंटर को सही साबित करने के लिए तर्कहीन बयानबाजी भी कराती है.

