सुल्तानपुर. जिले के कादीपुर क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में मंगलवार (29 सितंबर 2026) सुबह शिक्षक संघ अध्यक्ष और उनकी पत्नी की हत्या से सनसनी फैल गई. दोनों के शव उनके निजी स्कूल परिसर में खून से सने मिले. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दंपती पर फावड़े और कुल्हाड़ी से हमला किया गया. घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू भी मिला है. सूचना पर सीओ कादीपुर विनय गौतम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
इसे भी पढ़ें- UP में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, कुशीनगर में 1,400 परिवार प्रभावित; आज 17 जिलों में बारिश
स्कूल परिसर में सो रहे थे शिक्षक दंपती
मृतक की पहचान मुकेश सिंह (45) के रूप में हुई है. वह प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतिगरपुर के अध्यक्ष थे और वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे. बताया गया कि घटना के समय मुकेश अपनी पत्नी विनीता के साथ पैतृक आवास स्थित निजी स्कूल परिसर में सो रहे थे. सुबह दोनों के शव परिसर में खून से सने मिले तो आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.
फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद
पुलिस को घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू मिला है. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पहले विनीता सिंह पर स्कूल के कमरे में हमला किया. इसके बाद मुकेश जान बचाने के लिए भागे होंगे और परिसर से करीब 150 मीटर दूर उन पर भी हमला किया गया. हालांकि हत्या की वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल की जांच कर रही है.
पत्नी ने जिला पंचायत चुनाव भी लड़ा था
विनीता सिंह पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 11 से चुनाव लड़ चुकी थीं. वर्तमान में वह गांव में अपना इंटर कॉलेज चला रही थीं. शिक्षक दंपती का एक बेटा अभ्युदय (20) है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है. मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनके बड़े भाई अवधेश सिंह गाजीपुर के एक पीजी कॉलेज में शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई अखिलेश सिंह लखनऊ कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं.
इसे भी पढ़ें- फतेहपुर में सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा: भरभराकर गिरी दो मंजिला इमारत, 4 लोगों की दर्दनाक मौत से पसरा मातम
2009 में बने सहायक अध्यापक
मुकेश सिंह ने अपने करियर की शुरुआत शिक्षा मित्र के तौर पर की थी. वर्ष 2009 में वह सहायक अध्यापक बने. वर्ष 2013 से वह लगातार मोतिगरपुर में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2002 में गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान की शुरुआत की थी. बाद में इसी परिसर में वह पत्नी के साथ रहने लगे थे. दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.


