सुल्तानपुर के दूबेपुर में सोमवार रात दुकान पर बैठे दो दोस्तों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सुल्तानपुर. दूबेपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास एक दुकान पर बैठे दो दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद दोनों को उल्टी हुई और वे गिर पड़े. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों के अनुसार, मौत की वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
दुकान पर अचानक बिगड़ी तबीयत
यह घटना कोतवाली देहात क्षेत्र की है. मृतकों की पहचान डब्लू चौबे (42) और विजय जायसवाल (30) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, दोनों सोमवार रात करीब नौ बजे एक भंडारे में शामिल होने के बाद दूबेपुर पहुंचे थे.
दोनों दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई. उल्टी होने के बाद वे गिर पड़े. विजय जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डब्लू चौबे को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.
सड़क हादसे की चर्चा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की मौत सड़क हादसे में होने की खबरें प्रसारित होने लगीं. हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का पता चल सकेगा. कोतवाल धर्मवीर सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: दीपोत्सव की चमक से कुम्हारों के घर भी होंगे रोशन, मिट्टी के दीयों की बढ़ी मांग, लाखों के मिले ऑर्डर
अलग-अलग काम से जुड़े थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, विजय जायसवाल आर्केस्ट्रा पार्टी से जुड़े थे, जबकि डब्लू चौबे जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते थे. दोनों की अचानक मौत से उनके परिजन और परिचित स्तब्ध हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

