Bihar Crime: सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-4 में एक मजदूर का शव धान के खेत में मिला। मृतक की पहचान 55 वर्षीय विद्यानंद सादा के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं, परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।

घर से 300 मीटर दूर खेत में मिला शव

परिजनों के मुताबिक, विद्यानंद सादा रविवार रात घर में सो रहे थे। देर रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से बाहर निकल गए। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह करीब पांच बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर एक धान के खेत में उनका शव मिला। परिजनों ने बताया कि विद्यानंद के दोनों पैर गमछे से बंधे हुए थे। शव के पास एक डंडा भी पड़ा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिवार वालों ने आशंका जताई है कि उनकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी

मृतक के परिवार ने पुरानी रंजिश को घटना की वजह बताते हुए कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि परमानंदपुर के रहने वाले सूरज मंडल के दामाद ने पहले विद्यानंद सादा को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी आधार पर परिवार ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। विद्यानंद गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, छह बेटियां, एक बेटा और बहू हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मुखिया प्रतिनिधि ने भी उठाई जांच की मांग

घटना के बाद परमानंदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद अखलाख ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। उनका कहना है कि मामले की जांच इस तरह होनी चाहिए कि कोई निर्दोष न फंसे और दोषियों को किसी भी सूरत में बचने का मौका न मिले।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- सनकी पति ने पत्नी पर कैंची से किए 170 से अधिक वार, रात 2 बजे इस बात को लेकर हुआ था विवाद