दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर मेट्रो स्टेशन बंद करने और रेल सेवाएं बाधित होने के मामले में सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ प्रदर्शन रोकने के लिए प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। याचिकाकर्ताओं ने अदालत के आदेश की कथित अवहेलना का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के उल्लंघन का आरोप

शनिवार को दाखिल याचिका में आरोप लगाया गया है कि 9 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया और रेल परिवहन पर प्रतिबंधों के कारण आम लोगों को परेशानी हुई। याचिका में कहा गया है कि इन कदमों से नागरिकों के मौलिक अधिकार प्रभावित हुए हैं और अदालत के आदेशों की अनदेखी की गई है।

एडवोकेट शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी की ओर से दायर याचिका में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और दिल्ली मेट्रो रेल निगम के चेयरमैन डी. तारा को प्रतिवादी बनाया गया है।

57 मेट्रो स्टेशन बंद करने पर उठे सवाल

मामला उस याचिका से जुड़ा है, जिसमें प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को बंद करने और दिल्ली आने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने पर सवाल उठाए गए थे। 9 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि 10 अक्टूबर को मेट्रो और दिल्ली आने वाली रेलगाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं की जाए।

अदालत ने स्पष्ट किया था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, लेकिन इससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान 7,000 से अधिक लोग हिरासत में

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कॉजपा और कुछ छात्र संगठनों ने प्रदर्शन का आह्वान किया था। वहीं, एसआईआर के विरोध में शनिवार को हुए देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है। पीटीआई के मुताबिक, इन लोगों के खिलाफ सुरक्षाकर्मियों पर हमले के आरोप में एफआईआर दर्ज किए जाने की संभावना है।

अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में प्रशासनिक कार्रवाई, नागरिकों के अधिकारों और अदालत के आदेश के कथित उल्लंघन से जुड़े मुद्दों पर सबकी नजर रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m