दिलशाद अहमद, सूरजपुर। जिला न्यायालय परिसर के भीतर उस समय सनसनी फैल गई जब पार्किंग स्थल से दिनदहाड़े एक बाइक चोरी हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बता दें कि एक वकील के मुंशी ने रोज की तरह अपनी नीले रंग की पल्सर N.S. 160 CC बाइक को न्यायालय परिसर की पार्किंग में खड़ा किया था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाते हुए बाइक को चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक बाइक पर बैठा हुआ है और उसे स्टार्ट किए बिना ही पैरों से धकेलते हुए पार्किंग से बाहर सड़क तक ले जाता है। इसके बाद वह बाइक को सड़क पर भी पैर से धकेलकर आगे ले जाता दिखाई देता है।
यह पूरी घटना दिनदहाड़े न्यायालय परिसर के भीतर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। खास बात यह है कि यह वारदात कोतवाली थाना से महज करीब 30 मीटर की दूरी पर हुई है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

