दिलशाद अहमद, सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक बार फिर हाथी का आतंक देखने को मिला है। जंगली हाथी ने बाइक सवार चाचा-भतीजे पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजे ने ट्रक के नीचे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, घटना कल्याणपुर क्षेत्र के अखोरा रोड स्थित फुलझर नदी के पास की है। बताया जा रहा है कि चाचा और भतीजा बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भतीजे ने किसी तरह मौके से भागकर पास में खड़े एक ट्रक के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।

कबरा कान वाले हाथी का आतंक जारी
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला हाथी कबरा कान वाला है, जो लंबे समय से सूरजपुर वन परिक्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ है। इस हाथी के हमले में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत माहौल है। वहीं हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

