सूरत में भाजपा नेता की बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने सुसाइड नोट में पति के अवैध संबंधों को मौत का कारण बताया गया है। सूरत में भाजपा नेता की बहू ने की आत्महत्या, अंतर्वस्त्रों से मिला सुसाइड नोट; पति के अवैध संबंधों से थी परेशान

गुजरात के सूरत शहर स्थित कडोदरा इलाके से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। कडोदरा नगर भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष शशी सिंह संजय सिंह राजपूत की 24 वर्षीय बहू, निधि कुमारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मृतका के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

अंतर्वस्त्रों में छिपाकर रखा सुसाइड नोट

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को निधि के अंतर्वस्त्रों से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसे डॉक्टरों ने तुरंत पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सुसाइड नोट में निधि ने स्पष्ट लिखा कि उनके पति सौरभ के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं। पति की इस हरकत और धोखे की वजह से वह पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक प्रताड़ना और तनाव से गुजर रही थीं।

सबूत मिटाने की थी आशंका

मृतका निधि को इस बात का पूरा डर था कि यदि वह सुसाइड नोट घर के किसी कोने या कमरे में छोड़ेंगी, तो ससुराल पक्ष के लोग अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उस सबूत को नष्ट या गायब कर सकते हैं। यही वजह थी कि उन्होंने अंतिम समय में भी समझदारी दिखाते हुए सुसाइड नोट को अपने कपड़ों में छिपा दिया, ताकि उनकी मौत के बाद सच दुनिया के सामने आ सके और दोषियों को कानून के तहत सजा मिल सके।

पुलिस की जांच और कार्रवाई

निधि और सौरभ का विवाह महज दो वर्ष पूर्व हुआ था। डॉक्टरों द्वारा सुसाइड नोट सौंपे जाने के बाद कडोदरा पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका के मायके वालों के बयानों के आधार पर पति सौरभ और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment to Suicide) की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m