गुजरात के भावनगर में हुए जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (SMC) ने कार्रवाई करते हुए 13 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 2 सितंबर तक हिरासत में ले लिया है।
जांच में इस अवैध नेटवर्क का मध्य प्रदेश से गहरा संबंध सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी आनंद छांदी और उज्जैन से पकड़ा गया रईस शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आनंद छांदी को जहरीली शराब तैयार करने और इसके लिए आवश्यक रसायनों की खरीद के लिए भावनगर लाया गया था। इस शराब को भावनगर के वरतेज निवासी गौतम सोलंकी के ठिकाने पर तैयार किया गया था। जहरीले रसायनों, विशेष रूप से मेथनाल (Methanol), के मिश्रण से बनी इस शराब को फर्जी ‘आईएमएफएल’ (IMFL) ब्रांड के लेबल लगी बोतलों में सील कर अवैध विक्रेताओं को बांटा गया था।
यह मामला 16 अगस्त की रात तब उजागर हुआ जब शराब पीने से वरतेज में तीन दोस्तों की हालत बिगड़ गई और उनमें से एक की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, कुल 67 लोगों ने यह जहरीली शराब पी थी, जिसमें से 13 लोगों की जान जा चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की 16 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात में साक्ष्य जुटाने और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी हैं। जांच के दौरान पुलिस ने जहरीले रसायन से भरी कई बोतलें भी जब्त की हैं। पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य गुजरात में इस घटना के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


