सूरत। गणेश उत्सव के अंतिम दिन भगवान श्री गणेश को विदा करने की खुशियां सूरत जिले में दो अलग-अलग सड़क और जल हादसों के कारण गहरे शोक में बदल गईं। पहली घटना डुमस क्षेत्र की है, जहां विसर्जन की विधि पूरी कर घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक अश्विन मेसुरिया की ट्रैक्टर से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना कामरेज तहसील के धोरण पारडी गांव में घटी, जहां तापी नदी में नाव पलटने से तीन युवकों की डूबकर जान चली गई। इन हादसों के बाद प्रभावित परिवारों और पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमस निवासी अश्विन मेसुरिया अपने दोस्तों और पड़ोसियों के साथ गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए डुमस समुद्र तट पर गया था। विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न करने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने के कारण अश्विन चलते ट्रैक्टर से सीधे सड़क पर आ गिरा।
हादसे में अश्विन के कमर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में काफी गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में दोस्त तुरंत उसे सूरत के न्यू सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के काफी प्रयास किए, लेकिन अंदरूनी चोटें अत्यधिक गहरी होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डुमस थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर, कामरेज तहसील के धोरण पारडी गांव में तापी नदी के किनारे गणेश विसर्जन के दौरान एक नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में सवार पांच लोग गहरे पानी में डूबने लगे। स्थानीय निवासियों और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीन अन्य युवकों को जब तक बाहर निकाला गया, उनकी हालत बेहद नाजुक थी। दीनबंधु अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


