सूरत: गुजरात के सूरत स्थित सरोली इलाके में बुधवार तड़के श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई। इमारत की ऊपरी मंजिलों से उठती तेज लपटों और घने धुएं ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही सूरत नगर निगम के दमकल विभाग में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

फायर कंट्रोल रूम को रात करीब 12:52 बजे आग की पहली सूचना मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसे तुरंत ‘मेजर फायर’ घोषित किया गया और आसपास के स्टेशनों से 20 से 22 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

सूरत नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारिख के अनुसार, आग मुख्य रूप से मार्केट की चौथी और पांचवीं मंजिल पर फैली हुई है। इमारत में बने शोरूम और दुकानें ‘डबल-हाइट’ (सामान्य से दोगुनी ऊंचाई) की हैं, जिसकी वजह से दमकलकर्मियों को जमीन से लगभग 20 मीटर की ऊंचाई पर ऑपरेशन चलाना पड़ रहा है।

राहत और बचाव कार्य की मुख्य बातें:

  • हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का उपयोग: अत्यधिक ऊंचाई और घने धुएं को देखते हुए टर्नटेबल लैडर तथा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से पानी की बौछारें की जा रही हैं।
  • ब्रीदिंग अपैरेटस का सहारा: परिसर के अंदर विजिबिलिटी शून्य होने के कारण दमकलकर्मी स्पेशल ब्रीदिंग अपैरेटस (शॉक मास्क) पहनकर धुएं से भरी मंजिलों में प्रवेश कर रहे हैं।
  • बिजली आपूर्ति ठप: किसी भी प्रकार के शॉर्ट सर्किट या बिजली से जुड़े खतरे को रोकने के लिए एहतियातन पूरी इमारत की बिजली काट दी गई है।

राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने या अंदर फंसे होने की खबर नहीं है। दमकल की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने और इसे आसपास की दुकानों में फैलने से रोकने के लिए लगातार जुटी हुई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें